उत्तरकाशी ब्यूरो – मंगलवार को उत्तरकाशी के पवानी गांव में लकड़ी के बने मकान में आग लग गई थी। आग इतनी भयावह थी कि एक एक कर सभी मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और जरूरतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और उनका जीवन सामान्य करना है। सर्दी के मौसम और संभावित बर्फबारी को देखते हुए अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में परेशानी न हो।