रेड अलर्ट: केदारनाथ यात्रा दो दिन के लिए रोकी गई, जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश, हेली सेवा भी रही बंद

रुद्रप्रयाग ब्यूरो मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद केदारनाथ यात्रा पर दो दिन के लिए ब्रेक लगा दिया गया है।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा रोकने का फैसला लिया है। इसके अलावा मौसम के कारण हेली सेवा भी आज बंद रही।

मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम यात्रा को शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। खराब मौसम के चलते शनिवार को केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा भी संचालित नहीं हुई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा स्थगित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *