बदरीनाथ ब्यूरो । बदरीनाथ धाम में रविवार को इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। मंदिर के कपाट बंद होने से एक दिन पहले हुई बर्फबारी से पूरा धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। वहीं दोपहर बाद औली में भी जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी देखकर धाम पहुंचे श्रद्धालु अभिभूत नजर आए।
सोमवार को बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने हैं। ऐसे में इन दिनों धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। रविवार सुबह मौसम ने करवट बदली और बर्फबारी शुरू हो गई। कुछ ही देर में मंदिर परिसर और आसपास की चोटियां बर्फ से ढक गईं। श्रद्धालु संजय कुंवर, रणजीत सिंह और प्रदीप कंडारी ने बताया कि पहली बार बर्फबारी देखने का मौका मिला है। भगवान के दर्शन के साथ प्रकृति के खूबसूरत नजारे ने यात्रा को यादगार बना दिया। उधर, औली में भी दोपहर बाद अच्छी बर्फबारी हुई। इससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। पर्यटन एवं एडवेंचर से जुड़े विवेक पंवार ने कहा कि नवंबर में हुई बर्फबारी विंटर पर्यटन सीजन के लिए शुभ संकेत है। इससे उम्मीद है कि पर्यटन गतिविधियां और विंटर स्पोर्ट्स समय पर शुरू हो सकेंगे।