देहरादून ब्यूरो – एसएसआर के तहत मतदाताओं की किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक करने के लिए दावे, आपत्तियों को दर्ज करने की अवधि तक निरंतर अभियान चलता रहेगा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रदेश में चल रहे अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जो दोहरे मतदाता होंगे, उनकी जांच आयोग के डीएसई सॉफ्टवेयर के माध्यम से की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दलों को बताया कि एसएसआर के तहत मतदाताओं की किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक करने के लिए दावे, आपत्तियों को दर्ज करने की अवधि तक निरंतर अभियान चलता रहेगा। उन्होंने दलों से अपील की कि मतदाताओं के नाम आदि में त्रुटियों को ठीक करने के लिए बीएलए के माध्यम से भी फॉर्म-8 भरे जाएं। यह भी अवगत कराया कि प्रदेश में ऐसे मतदाता जिनका नाम दो स्थानों पर दर्ज है, उन्हें डीएसई के माध्यम से चिह्नित कर नियमानुसार जांच कर निस्तारित किया जाएगा।