देहरादून ब्यूरो- आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सीएम ध्घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन भी किया।उत्तराखंड में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त वर्दीधारी कर्मियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने, शिक्षण संस्थानों में आपदा मित्र तैयार करने, आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा घोषित करने और राहत-बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत करने की घोषणा शामिल है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके सहयोग से आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को राज्य सरकार की ओर से आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये शिक्षक छात्र-छात्राओं को लगातार आपदा से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।