उत्तरकाशी ब्यूरो – पुरोला । मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत घरों तक नल कनेक्शन तो पहुंचा दिए गए लेकिन पिछले कई महीनों से पानी की आपूर्ति ठप है। उनका कहना है कि अग्निकांड के दौरान नलों में पानी उपलब्ध होता तो आग बुझाने के शुरुआती प्रयासों में मदद मिल सकती थी और नुकसान कम किया जा सकता था।
गांव के सामाजिक कार्यकर्ता यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि पेयजल लाइन बिछाने के साथ अधिकांश घरों में नल कनेक्शन दिए गए हैं लेकिन लंबे समय से पानी नहीं आ रहा है। अग्निकांड के दौरान ग्रामीणों को आग बुझाने के लिए पानी की तलाश में भटकना पड़ा है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से आग तेजी से फैलती चली गई और कई मकान इसकी चपेट में आ गए।