हरिद्वार: चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने पहुंचे राजनाथ सिंह, कहा- हैट्रिक बनाएगी भाजपा, नौ मंत्र साधे – Intellecuals News

हरिद्वार: चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने पहुंचे राजनाथ सिंह, कहा- हैट्रिक बनाएगी भाजपा, नौ मंत्र साधे

हरिद्वार  ब्यूरो –प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहले दिन पार्टी ने अपने सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया था। आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बैठक में पहुंचेंगे। बैठक में 65 पार के लक्ष्य पर मंथन होगा।विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान तेज करने की रणनीति बनाई है। आज प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक हो रही है। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों की मौजूदगी में बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनआशीर्वाद यात्रा के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने की योजना पर भी चर्चा होगी। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे।वह आगामी विधानसभा चुनाव में सुरक्षित जीत का मंत्र देंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ के संगठन व सरकार में काम करने के उनके लंबे अनुभव से प्रदेश भाजपा को जीत के लिए मार्गदर्शन मिलेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ,प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी कार्य समिति में शामिल हैं।

उत्तराखंड में तीसरी बार भी सरकार बनेगी- राजनाथ

रक्षामंत्री ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि मैं शीश झुकाकर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। मैं चार दिन से जापान में था। लेकिन संगठन के नेता राम माधव का आदेश हुआ, इसलिए आना पड़ा। उत्तराखंड आने पर बहुत सुखद अनुभूति होती है। यहां आने पर मुझे शांति का भाव पैदा होता है । दूसरा भाव लंबे समय से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं से मिलने की प्रसन्नता का भाव पैदा होता है। तीसरा भाव उपलब्धि और संतोष का भाव पैदा होता है। उत्तराखंड में लगातार दो बार सरकार बनेगी, यह हम नहीं सोचते थे, लेकिन आप सब कार्यकर्ताओं का भाव देखकर लगता है कि हम फिर सरकार बनाने में सफल होंगे। उत्तराखंड में हमारी सरकार बनेगी, इसका पूर्ण भाव मेरे अंदर पैदा हो रहा है। इस आयोजन को मैं साधारण आयोजन नहीं मानता। यह संकल्प लेने का दिन है। एक बार फिर हम मजबूत और घुसपैठियों को भगाने वाली सरकार बनाएंगे। कहा कि एक देश, दो विधान नहीं चलेगा, यह बात हमारे नेता ने कही थी। एकात्म मानववाद सामान्य विषय नहीं है। एकात्म मानव के दर्शन पर हमारी पार्टी चल रही है। संगठन और विचारधारा के अभाव में कोई भी पार्टी कमजोर होती है। जहां कल्पना नहीं थी, आज भाजपा वहां भी विकास कर रही है। सत्ता रहे या जाए, हम अपने विचारों से कोई समझौता नहीं करते। हमारा मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि हम अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए कार्य करने में कितना सफल रहे। भाजपा को चुनाव हारना मंजूर है, लेकिन विचारधारा से समझौता करना मंजूर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *