देहरादून ब्यूरो- मसूरी में मल्होत्रा होमस्टे के निकट एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया। हरिद्वार से मसूरी की ओर आ रहा यात्रियों से भरा टेम्पो ट्रैवलर (संख्या DL1VC5507) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन नीचे पेड़ों में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, टेम्पो ट्रैवलर में गुजरात मूल के पांच परिवारों के सदस्य सवार थे, जो वर्तमान में मुंबई में रहते हैं। दुर्घटना के समय वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।