देहरादून ब्यूरो – उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज आने वाले दिनों में भी राहत देने के आसार नहीं दिखा रहा है। भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के साथ चमोली में कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इतना ही नहीं 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो दो नवंबर तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने के आसार हैं।