उत्तरकाशी ब्यूरो – पुरोला। पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षक पात्रता परीक्षा की बाध्यता समाप्त करने और गैर-शैक्षणिक ऑनलाइन कार्यों से मुक्ति की मांग के लिए प्रदेशभर के प्राथमिक शिक्षक आंदोलन की राह पर हैं। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षक 24 अक्तूबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच कर सरकार के सामने अपनी मांगें रखेंगे। इसमें उत्तरकाशी जनपद सहित प्रदेशभर के शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है।प्रांतीय तदर्थ समिति के सदस्य विनोद रतूड़ी ने बताया कि शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, टीईटी की बाध्यता समाप्त करना और शिक्षण कार्य प्रभावित करने वाले गैर-शैक्षणिक ऑनलाइन कार्यों पर रोक लगाना शामिल है। इन मांगों पर निर्णय नहीं होने से उनमें असंतोष बना है। रतूड़ी ने चेतावनी दी यदि सरकार ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के प्राथमिक शिक्षकों से मुख्यमंत्री आवास कूच में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया