लांग वीकेंड पर जाम का वार, रेंगते रहे वाहन लगातार

ऋषिकेश ब्यूरो । लांग वीकेंड पर तीर्थनगरी में हाईवे और बाइपास मार्ग वाहनों से पट गए। नेपालीफार्म से नीरगड्डू तक महज 20 किलोमीटर का सफर तय करने में करीब तीन घंटे लगे। हाईवे पर कारों की दो से तीन कतारें लगने से वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। जाम में फंसी कई कारों की क्लच प्लेट फुंकने की बात भी सामने आई। वाहनों की भारी भीड़ के सामने यातायात पुलिस की व्यवस्थाएं भी बेअसर नजर आईं। शुक्रवार तड़के से ही वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दोपहर 12 बजे के बाद स्थिति और बिगड़ गई। श्यामपुर फाटक से श्यामपुर पुलिस चौकी और बाइपास पर इंद्रमणि बडोनी चौक तक दो कतारें लगी रहीं। श्यामपुर पुलिस चौकी से आईडीपीएल कैनाल, आईडीपीएल सिटी गेट, कोयलघाटी, पुरानी चुंगी, त्रिवेणीघाट चौक, चंद्रभागा पुल और खारास्रोत पीडब्ल्यूडी तिराहे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। वहीं इंद्रमणि बडोनी चौक से भद्रकाली पुलिस चौकी, ब्रह्मानंद मोड़, खारास्रोत ठेका और तपोवन तक भी वाहनों का दबाव बना रहा। हाईवे से आने वाले वाहनों को यातायात पुलिस मुनि की रेती की ओर से पीडब्ल्यूडी तिराहे से ब्रह्मानंद मोड़ की तरफ डायवर्ट किया गया लेकिन भद्रकाली से आने वाले वाहनों के दबाव के चलते स्थिति नहीं संभल पाई। तपोवन के होटलों में ठहरे पर्यटकों के वाहनों को शिवानंद आश्रम गेट, रामझूला, मधुवन आश्रम और चंद्रभागा पुल होते हुए आईएसबीटी भेजा गया। दो-तीन कतारों में वाहनों के फंसने से जाम और लंबा होता गया और यातायात पुलिस के जवान भी वाहनों के रैले के सामने बेबस नजर आए।
———

इंसेट
गूगल के सहारे गलियों में घुसते रहे वाहन
– बाइपास और हाईवे पर जाम लगने से जानकारी मिलने पर कुछ कार चालकों ने ढालवाला में श्रीदेव सुमन पार्क के पास से अपनी कारों को चौदहबीघा की ओर मोड़ दिया। चौदह बीघा स्थित पुल से पुलिस ने उन्हें भैरव मंदिर भेजा जिसके वाद यह चाहन हाईवे के जाम में फंस गए। कुछ वाहन चालक कपटियाल मोड से भजनगढ़ होते हुए कैलाश गेट पुलिस चौकी पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *