ऋषिकेश ब्यूरो- 28 जुलाई को दी थी तीन साल के लिए प्रतिनियुक्ति पर तैनाती
ऋषिकेश। एम्स में प्रतिनियुक्ति पर तैनात वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मुकेश पाल को उनके मूल विभाग वापस भेज दिया गया है। अधिकारी की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने की मांग के लिए नर्सिंग अधिकारियों की ओर से बीते महीने 17 सितंबर को धरना प्रदर्शन शुरू किया गया था। इस कार्रवाई पर एम्स प्रशासन का कहना है कि संबंधित अधिकारी के मूल विभाग की ओर से कार्य की अधिकता का हवाला देते हुए उन्हें वापस भेजे जाने की मांग की थी। इसके बाद प्रतिनियुक्ति समाप्त कर अधिकारी को मूल विभाग भेज दिया गया। बीते सितंबर माह में एम्स नर्सिंग स्टाफ ने निदेशक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया था। एक हफ्ते बाद मांग पूरी किए जाने के आश्वासन के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था। इस दौरान एम्स में व्सवस्थाएं बेपटरी हो गई थीं। आंदोलित कर्मचारियों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मुकेश पाल की कार्य प्रणाली पर नाराजगी जताते हुए प्रतिनियुक्ति समाप्त किए जाने की मांग की थी। भारतीय खाद्य निगम में तैनात मुकेश पाल 28 जुलाई 2024 को प्रतिनियुक्ति के आधार पर तीन साल के लिए एम्स में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद तैनात किए गए थे लेकिन प्रतिनियुक्ति अवधि पूर्ण होने से पहले ही 1 अक्तूबर को एम्स ने उन्हें कार्यमुक्त कर दिया।