छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के बीच पीजी कॉलेज कोटद्वार में गुरुवार को विवाद गहरा गया। एक प्रत्याशी का नामांकन पत्र गायब होने के आरोप के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन दो छात्र गुटों के आमने-सामने आने तक पहुंच गया।
पीजी कॉलेज कोटद्वार में वंदेमातरम छात्र संगठन के अध्यक्ष पद के दावेदार मनीष नेगी के नामांकन को लेकर विवाद हो गया। नामांकन पत्र गायब करने का आरोप लगाते हुए भड़के छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और प्राचार्य पर भाजपा सरकार व एबीवीपी का एजेंट होने का आरोप लगाया।स दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे दोनों गुट आमने-सामने आ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। देर शाम तक महाविद्यालय प्रशासन और छात्र गुटों के नेताओं के बीच वार्ता जारी रही। इसके चलते देर शाम तक जमा नामांकन पत्रों की सूची जारी नहीं हो सकी। इससे पूर्व एएसपी मनोज ठाकुर ने पीजी कॉलेज कोटद्वार व राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी पहुंचकर पुलिस बल को जरूरी निर्देश दिए।