बदरीनाथ ब्यूरो धाम की यात्रा ने इस बार श्रद्धा और संख्या, दोनों के लिहाज से नया इतिहास रच दिया है। यात्रा सीजन खत्म होने से पहले ही धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पुराने सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ चुकी है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के बाद अब बदरीनाथ धाम में दर्शनार्थियों की संख्या ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। धाम के यात्रा इतिहास में यहां पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 17 लाख 79 हजार 805 पहुंच चुकी है। जबकि धाम के कपाट बंद होने में अभी डेढ़ से पौने दो महीने का समय शेष है।23 अप्रैल को शुरू हुई बदरीनाथ यात्रा 22 सितंबर को 153 दिनों में ही आस्था का नया रिकॉर्ड बना चुकी है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड स्थापना वर्ष 2000 में धाम में कुल छह लाख 95 हजार 332, वर्ष 2007 में सात लाख 68 हजार 107 पहुंच, वर्ष 2008 और 2010 में 10 लाख पार हुई, 2014 में एक लाख 59 हजार 575 श्रद्धालु पहुंचे।