देहरादून ब्यूरो- 23 जुलाई 2009 को बसंत विहार निवासी ओएनजीसी के तत्कालीन महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा ने घर में डकैती की शिकायत दर्ज कराई थी। पांच हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए थे। उन्होंने परिवार के सदस्यों को घातक हथियारों से घायल करने के बाद लूटपाट की थी। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में थी।ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर डकैती डालने के बाद करीब 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी शातिर अपराधी शौकत अली को उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश छोड़कर दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदले। वह कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था। पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।