उत्तरकाशी(ब्यूरो) स्वास्थ्य उपकेंद्रों में फार्मेसी अधिकारियों के 391 पदों की बहाली समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन के दूसरे दिन बुधवार को जिलेभर के फार्मेसी अधिकारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करते हुए विरोध दर्ज कराया।संगठन के जिलाध्यक्ष अजय जोशी ने कहा कि पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन के प्रथम चरण में जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर मांगों से अवगत कराया गया। दूसरे चरण में एक सितंबर से 15 सितंबर तक सभी फार्मेसी अधिकारी बांह पर काला फीता लगाकर अपने कार्यस्थल पर नियमित कार्य करते हुए विरोध जारी रखेंगे।