हल्द्वानी ब्यूरो। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान बृहस्पतिवार को दिनभर गहमागहमी रही। कड़ी सुरक्षा के बीच कुल 79 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए पर्चा भरा। अध्यक्ष पद के लिए तीन और सचिव पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद ही चुनावी तस्वीर साफ होगी। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी से धीरज बिष्ट, एनएसयूआई से मेहुल साह और एबीवीपी के बागी आर्यन बेलवाल ने नामांकन भरा। सचिव पद के लिए सार्थक रस्तोगी व भविष्य रावत, उपाध्यक्ष के लिए पूरन सिंह मेवाड़ी, वशिष्ठ कुमार, योगेश चंद्र व योगेश बृजवासी और छात्रा उपाध्यक्ष के लिए दीपा रैकुनी व श्रैया पांडे ने नामांकन किया।