देहरादून ब्यूरो राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा के भीतर दावेदारों को लेकर हलचल तेज है। पार्टी आज शुक्रवार को कोर कमेटी की बैठक में तीन नामों का पैनल तैयार करेगी, जिसके बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।भाजपा का अगला राज्यसभा प्रत्याशी गढ़वाल से होगा या कुमाऊं से आज शुक्रवार को इस पर फैसला होगा। इसके लिए भाजपा कोर कमेटी की बैठक में तीन नामों का पैनल चुना जाएगा। वैश्य समाज के चेहरे के तौर पर पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल भी इस पैनल में शामिल हो सकते हैं। भाजपा के कुमाऊं से आखिरी राज्यसभा सांसद भगत सिंह कोश्यारी थे।इनका कार्यकाल 2008–2014 के बीच था। इसके बाद से कुमाऊं के नेताओं को राज्यसभा सीट पर हिस्सेदारी नहीं मिली है। वर्तमान में महेंद्र भट्ट, डॉ. कल्पना सैनी और नरेश बंसल तीनों राज्यसभा सांसद गढ़वाल के हैं। आगामी विस चुनाव के मद्देनजर गढ़वाल-कुमाऊं को बैलेंस करने पर भी पार्टी का जोर है।