गोवर्धन पूजा पर गोशालाओं में हुआ सुंदरकांड का पाठ – Intellecuals News

गोवर्धन पूजा पर गोशालाओं में हुआ सुंदरकांड का पाठ

उत्तरकाशी ब्यूरो। गोवर्धन पूजा पर मंगलवार को जनपद में गोमाता की पूजा-अर्चना कर गोसेवा और संरक्षण का संदेश दिया गया। लक्षेश्वर बाड़ाहाट स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उजेली स्थित गोशाला में पहुंचकर विधि-विधान से गोपूजन किया। इस दौरान वीरांगना नारी संगठन की महिलाओं, साधु संतों और स्थानीय लोगों ने भी गोमाता की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, सैंज स्थित मलूक पीठ आश्रम में वीरांगना नारी संगठन की महिलाओं ने गोपूजन के साथ सुंदरकांड का पाठ किया।
उजेली स्थित गोशाला में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने गोमाताओं को तिलक लगाकर पूजा अर्चना की और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान महिलाओं ने गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष सुधा गुप्ता भी मौजूद रहीं। उन्होंने महिलाओं के गोसेवा के प्रयासों की सराहना करते हुए गोशाला के लिए गोबर एकत्रित करने और उसे खरीदने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गोबर का उपयोग और उसकी खरीद से गोपालकों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही गोशालाओं को भी आर्थिक संबल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *