मेडिकल कॉलेज की मांग पर आज से भूख हड़ताल – Intellecuals News

मेडिकल कॉलेज की मांग पर आज से भूख हड़ताल

नई टिहरी ब्यूरो। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर पिछले 102 दिनों से चला रहा संयुक्त संघर्ष समिति का आंदोलन एक बार फिर से जोर पकड़ने लगा है। मांग के समर्थन में धरना और सत्याग्रह कर रहे संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने आज बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।

बौराड़ी गणेश चौक धरना स्थल पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज निर्माण की घोषणा दो बार की जा चुकी है लेकिन शासनादेश जारी नहीं हुआ है। घोषणाओं के बावजूद धरातल पर कार्रवाई नहीं होने से टिहरी के लोगों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।आंदोलनकारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन सरकार उनकी मांग को गंभीरता से नहीं ले रही है। सरकार पर टिहरी बांध प्रभावितों और विस्थापितों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है। समिति के सदस्यों ने कहा कि अब तक धरना, क्रमिक अनशन और सत्याग्रह के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्हें अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज निर्माण का शासनादेश जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *