अल्मोड़ा ब्यूरो। भिकियासैंण विकासखंड के पौराणिक उझूली महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने की कवायद शुरू हो चुकी है। योजना के तहत 10 लाख रुपये से मंदिर का सौंदर्यीकरण कर इसे नए स्वरूप में लाया जाएगा। वहीं मंदिर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विस्तार होगा।भिकियासैंण विकासखंड का प्राचीन उझूली महादेव मंदिर पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सावन के महीने और महाशिवरात्रि सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) मंदिर में 10 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण कार्य कर इसको धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगा। इसके लिए शासन से बजट अवमुक्त हो गया है। इस राशि से मंदिर के मुख्य द्वार का निर्माण कार्य किया जाएगा। इससे मंदिर और भी आकर्षक लगेगा। इसके साथ ही यहां तीन टिन शेड और कक्ष का निर्माण कार्य सहित अन्य विकास कार्य किए जाने हैं। इससे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करना आसान होगा। इससे पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी।