देहरादून(ब्यूरो) हल्द्वानी शहर के रामपुर रोड स्थित टीपीनगर निवासी 17 वर्षीय आदित्य भुजियाघाट के एक गधेरे में बह गया। वह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ शनिवार को बर्थडे पार्टी मनाने के लिए भुजियाघाट गया था। करीब सात घंटे बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। देर शाम तक बचाव दल तलाश करते रहे।पुलिस के अनुसार, आदित्य का शनिवार को 17वां जन्मदिन था। वह दोस्तों और रिश्तेदारों समेत करीब सात लोगों के साथ भुजियाघाट पहुंचा और यहां पार्टी शुरू की। कुछ देर बाद वह पास के ही गधेरे में नहाने के लिए उतर गया। तभी तेज बहाव के साथ पानी बढ़ता चला गया। उसके साथियों ने बाहर आने के लिए कहा लेकिन आदित्य गधेरे के बीच में था और पानी तेजी से उसकी तरफ बढ़ते हुए बहा ले गया।