कर्णप्रयाग: शिक्षकों की मांग को लेकर बीईओ कार्यालय पर छह घंटे तक की तालाबंदी – Intellecuals News

कर्णप्रयाग: शिक्षकों की मांग को लेकर बीईओ कार्यालय पर छह घंटे तक की तालाबंदी

कर्णप्रयाग ब्यूरो। विकासखंड के अटल उत्कृष्ट राइंका नैनीसैंण में शिक्षकों की कमी से नाराज ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही छह घंटे तक तालाबंदी कर शिक्षकों की तैनाती नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे कपीरी संघर्ष समिति के अध्यक्ष खिलदेव सिंह रावत और पीटीए अध्यक्ष राकेश नेगी के नेतृत्व में ग्रामीण और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि खंड शिक्षा कार्यालय पहुंचे। लेकिन कार्यालय में खंड शिक्षा अधिकारी नहीं मिलने से नाराज लोगों ने मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए। पीटीए अध्यक्ष राकेश नेगी ने कहा कि अटल उत्कृष्ट राइंका नैनीसैंण सरकार की ओर से सीबीएसई बोर्ड के तहत संचालित किया जा रहा है। लेकिन यहां रसायन विज्ञान और गणित विषयों में प्रवक्ता तथा अंग्रेजी, गणित और विज्ञान में सहायक शिक्षक के पद रिक्त पड़े हैं। महत्वपूर्ण विषयों में पद रिक्त होने के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शाम को करीब पांच बजे बीईओ अनिनाथ के पहुंचने पर लोगों ने ज्ञापन दिया। इस दौरान बीईओ अनिनाथ ने विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए उच्च स्तर पर अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण माने और ताला खोला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *