दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आ चुके हैं। यह चुनाव अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के लिए बेहतर साबित नहीं हुआ। पार्टी धीरे-धीरे अपने सबसे खराब प्रदर्शन की तरफ बढ़ रही है। लेकिन पार्टी के सपोर्टर सुबह से ही अपने नेताओं को मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी का ऐसा ही एक छोटा समर्थक अपने लुक्स से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल यह लड़का आप नेता अरविंद केजरीवाल की तरह कपड़े पहनकर आया था, जिससे लोग इसे छोटा केजरीवाल कहने लगे।
एएनआई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बच्चे का वीडियो डालकर लिखा कि आम आदमी पार्टी का एक युवा समर्थक। अव्यान तोमर अपना समर्थन जताने के लिए केजरीवाल के घर पहुंचे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में अव्यान अरविंद केजरीवाल की ही तरह चश्मा और स्वेटर पहने नजर आ रहा है। उसने मूछें भी लगा कर रखीं हैं। क्लिप में वह अपने पिता के साथ नजर आ रहा है।
अव्यान के पिता ने एजेंसी से बात करते हुए कहा कि हम इलेक्शन रिजल्ट के दिन यहां पर आते हैं। पार्टी ने अव्यान को बेबी मफलर मैन का नाम दिया है। दरअसल, अव्यान तोमर ने अपने लुक्स की वजह से 2020 में पहली बार सुर्खियां बटोरीं थी। उस समय पर उन्हें केजरीवाल के सिग्नेचर स्वेटर और चश्मे को पहने देखा गया था। इन तस्वीरों की वजह पर वह चुनाव के दौरान सोशल मीडिया सेंसेशन बन गए थे। तब लोगों ने उन्हें छोटा अरविंद केजरीवाल और बेबी मफलर मैन के नाम से संबोधित किया था।