देहरादून ब्यूरो मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 6 से 11 अक्तूबर तक यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, छह से आठ अक्तूबर के बीच प्रदेश के 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 9 से 11 अक्तूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी के आसार हैं।