बूढ़ाकेदार में पर्यटन की तलाश, सीडीओ ने 7 किमी ट्रैक पर पहुंचकर देखे जराल

टिहरी ब्यूरो  जनपद के भिलंगना ब्लॉक स्थित बूढ़ाकेदार क्षेत्र में छिपी पर्यटन की अपार संभावनाओं को सामने लाने की पहल शुरू हो गई है। शनिवार को ‘ट्री फॉर हिमालय’ और मंज्याड़ी रिसोर्ट के बैनर तले एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों, ट्रैकर्स और प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र के खूबसूरत जराल ताल, मंजयारा ताल और काना ताल तक ट्रैकिंग की। इस दौरान टिहरी की मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और भिलंगना के बीडीओ विपिन सिंह ने भी करीब 7 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य का जायजा लिया। हर दो किलोमीटर पर खूबसूरत ताल और बुग्याल ट्रैकिंग के दौरान प्रतिभागियों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से महसूस किया। घने जंगल, पहाड़ी रास्ते, खूबसूरत बुग्याल और तालों का मनमोहक नजारा इस ट्रैक को खास बनाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी प्राकृतिक संपदा होने के बावजूद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिसके चलते यह इलाका अभी तक पर्यटन के बड़े मानचित्र पर अपनी पहचान नहीं बना पाया है। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि यह करीब 7 किलोमीटर लंबा बेहद खूबसूरत ट्रैक है। लगभग हर दो किलोमीटर की दूरी पर खूबसूरत ताल और बुग्याल देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र ट्रैकिंग के लिहाज से काफी अच्छा है और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर इसकी संभावनाओं और आवश्यकताओं का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र को विकसित करने के लिए इसे ट्रैकिंग रूट की सूची में शामिल करने के लिए आगे भेजा जाएगा, ताकि भविष्य में यहां पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके। स्थानीय लोगों ने उठाई सुविधाएं विकसित करने की मांग आयोजक बद्री प्रसाद अंथ्वाल ने कहा कि जब उन्हें इस क्षेत्र में मौजूद खूबसूरत स्थलों के बारे में जानकारी मिली तो इन स्थानों को लोगों के सामने लाने और इनके विकास की दिशा में काम करने का विचार आया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को अपनी प्राकृतिक धरोहर के बारे में जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय लोगों और सरकार दोनों को मिलकर प्रयास करने होंगे। क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य की कोई कमी नहीं है, लेकिन पर्यटकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *