चमोली हिमस्खलन : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेस्क्यू अभियान का लिया अपडेट
उत्तराखंड के चमोली जिले में हुए हिमस्खलन के बाद, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातः राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर सर्च और रेस्क्यू अभियान का अपडेट लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू किए गए 46 लोगों को उचित चिकित्सा के लिए उच्च केंद्रों में रेफर किया जाए। मृतकों को समुचित औपचारिकता पूरी करते हुए उनके परिजनों को सौंपने के निर्देश भी दिए गए।
अब तक की स्थिति :
- रेस्क्यू की स्थिति : हिमस्खलन में फंसे 54 मजदूरों में से 46 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 8 मजदूरों की मौत हो गई है।
- सर्च अभियान : अब तक मिसिंग चार लोगों की तलाश जारी है, जिसमें अत्याधुनिक उपकरणों जैसे रडार और थर्मल इमेजिंग का उपयोग किया जा रहा है।
समन्वय और सहयोग
सेना, आईटीबीपी, वायु सेना, एसडीआरएफ, बीआरओ, आपदा प्रबंधन विभाग, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पूर्ति विभाग सहित सभी विभाग बेहतर समन्वय से सहयोग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्थानीय जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जहां-जहां सड़क और संचार कनेक्टिविटी बाधित हो गई है, उसे तत्काल बहाल किया जाए। आगामी 3 मार्च को मौसम विभाग के हायर अलर्ट को देखते हुए ऊंचाई वाले स्थानों पर रहने वाले लोगों को इसकी पहले से ही जानकारी देने और स्थानीय स्तर पर सभी तरह की पूर्व तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्युत और सड़क सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन पांच ब्लॉक में विद्युत सप्लाई बाधित हो गई थी, वहां पर विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जहां पर भी सड़क कनेक्टिविटी बाधित है, उसे तत्काल बहाल किया जाए। पूर्ति विभाग को निर्देशित किया गया है कि जो गांव सड़क गतिविधियों से अभी तक जुड़ नहीं पाए हैं, वहां पर्याप्त मात्रा में रसद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।