रुड़की ब्यूरो भगवानपुर। प्रताप कॉलोनी में 24 वर्षीय आदित्य राणा उर्फ आदि राणा की हत्या के मामले में पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों को इमली रोड टोल प्लाजा भगवानपुर के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का देशी तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, रुपयों के लेनदेन के विवाद के बाद आदित्य को समझौता करने के बहाने आरोपियों ने अपने घर बुलाया था। आरोप है कि घर में विवाद बढ़ने पर उसे तमंचे से गोली मार दी गई थी।
मामले में मृतक के भाई सागर ने दो अक्तूबर को पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया था कि एक अक्तूबर की रात आदित्य फाइनेंस कलेक्शन के लिए भगवानपुर आया था। इसी दौरान उसका रोहित शर्मा उर्फ लक्की से विवाद हो गया था। हालांकि दोस्तों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया था। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद रोहित ने फोन कर समझौते की बात कहकर आदित्य को प्रताप कॉलोनी स्थित अपने घर पर बुलाया। तहरीर के अनुसार, घर पहुंचने पर रोहित, उसके भाई राहुल और पिता अनिल ने आदित्य को अंदर बुलाया, जहां विवाद बढ़ने पर उसके सिर में गोली मार दी गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।