होटल में परिवार से मारपीट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज – Intellecuals News

होटल में परिवार से मारपीट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

अल्मोड़ा ब्यूरो । माल रोड स्थित एक होटल में ठहरे परिवार के साथ रेस्टोरेंट संचालक और उसके बेटे पर मारपीट करने का आरोप लगा है। मारपीट में पीड़ित की आंख में गंभीर चोट आई। आरोप है कि कोतवाली पहुंचने के बाद भी आरोपी ने पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक और उसके बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार पुलाउ कलां, बैजनाथ, बागेश्वर निवासी सुंदर सिंह रावत ने तहरीर में बताया कि वह सात सितंबर को पत्नी और बच्ची के साथ माल रोड स्थित होटल में ठहरे थे। शाम को होटल के नीचे स्थित रेस्टोरेंट में उन्होंने मटन बनवाने के लिए कहा लेकिन रेस्टोरेंट संचालक गिरीश ने मना कर दिया। इसके बाद परिवार कमरे में चला गया। आरोप है कि गिरीश का छोटा बेटा कमरे में घुसकर गालीगलौज करने लगा और बाहर निकलने को कहने पर मारपीट की। सीओ भावना कैंथोला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *