उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है और अगले पांच दिन बारिश का दौर तेज रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 अगस्त से 2 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट है।
देहरादून(ब्यूरो) –उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिए होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने विशेष प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 29 अगस्त से दो सितंबर तक राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जो अगले 48 घंटों में और स्पष्ट होकर आगे बढ़ेगा।
मानसून ट्रफ अमृतसर से लेकर इस सिस्टम तक फैली है। इसके साथ ही उत्तर पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिए है। इन तीन सिस्टमों के संयुक्त असर से उत्तराखंड में जमकर बारिश होने की संभावना है। 29 अगस्त को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।