देहरादून ब्यूरो- कुमाऊं में हवाई सफर को नई ऊंचाई मिलने जा रही है। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की अहम बाधा दूर हो गई है। 375.33 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी होने के बाद बड़े विमानों का संचालन संभव होगा और सालाना 10.1 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित होगी।
पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता अब साफ हो गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की करीब 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट का रनवे 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। इससे यहां बड़े विमानों के संचालन की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण ने इस परियोजना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। इसके साथ ही आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों के लिए बेहतर हवाई सुविधाएं मिल सकेंगी।