देहरादून(ब्यूरो) मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास भू-धंसाव होने से यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं थराली-देवाल मार्ग पर चट्टान खिसकने से कई वाहन फंस गए, जिससे आवाजाही बाधित हो गई।
मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास आज मंगलवार सुबह करीब पांच बजे भू-धंसाव होने से सड़क यातायात के लिए बंद हो गया। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन लगाकर मलबा हटाने और सड़क खोलने का कार्य शुरू कर दिया।
लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि मौके पर रोड़ कटिंग कार्य चल रहा है। इस स्थान पर हिल साइड कटिंग का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम लगातार सड़क खोलने में जुटी हुई है। जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं मार्ग बंद होने से मसूरी और देहरादून के बीच आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनो तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है।