बारिश से धारकोट-बड़ेरना मार्ग पर आया मलबा: प्राकृतिक गंधक पानी का स्रोत मलबे में दबा, वाहनों की आवाजाही बंद

देहरादून(ब्यूरो) रायपुर ब्लॉक और थानो न्याय पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत हल्द्वाड़ी पंचायत में धारकोट-बड़ेरना मोटर मार्ग पर तंगोलीगढ के पास पन्याली खाले से पानी और मलबा आने से धारकोट-बड़ेरना मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। मार्ग का करीब डेढ सौ मीटर हिस्सा भारी मलबा और पानी से क्षतिग्रस्त हो चुका है। लोग पैदल और दोपहिया वाहनों से जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। मार्ग अवरूद्ध होने से बड़ेरना, धारकोट, तंगोली आदि गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धारकोट, सूर्यधार मार्ग और डोईवाला के दूसरे पहाड़ी इलाकों में भी सड़कों पर मलबा आया है। जिससे मार्ग अवरूद्ध हुए हैं। लोनिवि की चार जेसीबी से पहाड़ी क्षेत्रों के मार्ग से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। क्षेत्र में शनिवार शाम पांच बजे से लेकर रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। जिस कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। जिस पर लोनिवि द्वारा लगातार कार्य करवाया जा रहा है।वहीं, भारी मलबे के कारण हल्द्वाड़ी पंचायत का प्रसिद्ध प्राकृतिक गंधक पानी स्रोत मलबे से पूरी तरह दब चुका है। इस प्राकृतिक गंधक पानी के जलस्रोत के लिए 2016-17 मनरेगा से तालाब बनवाया गया था। 2021-22 में जिला पंचायत से गंधक पानी तालाब का सौंदर्यीकरण करवाया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि लोनिवि की निर्माणाधीन अखाड़ीबेलन-गंधक पानी मोटर मार्ग का मलबा आने से हल्द्वाड़ी का प्रसिद्ध गंधक पानी स्रोत और तालाब पूरी तरह मलबे के ढेर में तब्दील हो चुके हैं। गंधक पानी के इस स्रोत में नहाने के लिए देहरादून, टिहरी, डोईवाला और दूर-दूर से लोग आते थे। पंचायत इस जलस्रोत को अपनी आय का साधन बनाने के लिए काम कर रही है। लेकिन उससे पहले ही गंधक पानी स्रोत मलबे से दब गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *