देहरादून(ब्यूरो)-उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने विशेष विज्ञप्ति जारी कर 29 अगस्त से दो सितंबर तक राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से देहरादून के स्कूलों में कल छुट्टी के आदेश जारी किए गए हैं।केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जो अगले 48 घंटों में और स्पष्ट होकर आगे बढ़ेगा। मानसून टर्फ अमृतसर से लेकर इस सिस्टम तक फैली है। इसके साथ ही उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन तीन सिस्टमों के संयुक्त असर से उत्तराखंड में जमकर बारिश होने की संभावना है।