देहरादून (ब्यूरो)।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एसआइआर के संबंध में समीक्षा की।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर सुनवाई प्रक्रिया की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।बैठक में उन्होंने एसआइआर अभियान के दूसरे चरण की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिलेवार नोटिसों की सुनवाई के लिए तैयार कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को सुनवाई के अवसर से वंचित नहीं रखा जाए। नोटिस समय पर उपलब्ध कराए जाएं और सुनवाई के लिए पर्याप्त समय सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) की सहायता के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील तथा अन्य संबंधित विभागों से नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, ताकि प्रस्तुत दस्तावेजों का शीघ्र और सटीक सत्यापन हो सके।